जमशेदपुर, 12 जनवरी (भाषा) झारखंड के पूर्व सिंहभूम जिले में एक साप्ताहिक बाजार से चार माह का बच्चा चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार रविवार को एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ डुमरिया के रांगमटिया स्थित साप्ताहिक बाजार गई थी। इस दौरान महिला का चार माह का बच्चा भी उसके साथ था।
महिला बच्चे को अपनी आठ वर्षीय बेटी के पास छोड़कर कुछ काम करने चली गई। लड़की को अकेला देखकर एक अज्ञात महिला उसके पास आई और उसे 20 रुपये देकर खुद के लिए चीजें खरीदने का लालच दिया, साथ ही बच्चे की देखभाल का आश्वासन दिया।
लड़की के वहां से जाते ही वह अज्ञात महिला बच्चे को लेकर फरार हो गई। लड़की ने घटना की जानकारी अपनी मां को दी जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
कोवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान ने कहा, ‘‘हम महिला की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और आसपास के थानों को भी सूचित कर दिया है। इसके साथ ही ग्रामीणों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।’’
भाषा खारी शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
