जम्मू, 29 मार्च (भाषा) जम्मू-कश्मीर के जम्मू और उधमपुर जिलों में रविवार को चार कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया जिनके पास से हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि मोहित शर्मा, अंकित महाजन और अंकित भट को जम्मू के पास डोमाना क्षेत्र के मुठी में रोका गया और उनकी तलाशी लिए जाने पर 7.21 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
उन्होंने कहा कि मादक पदार्थ तस्करों द्वारा इस्तेमाल की जा रही एक निजी कार भी जब्त की गई है।
वहीं, उधमपुर में प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे टिकरी इलाके में मादक पदार्थ तस्कर इशफाक अहमद को गिरफ्तार किया गया जिसके पास से 5.16 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं तथा जांच जारी है।
भाषा तान्या नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.