scorecardresearch
Sunday, 6 October, 2024
होमदेशसिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री बीबी गुरुंग का निधन

सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री बीबी गुरुंग का निधन

Text Size:

गंगटोक, 28 मार्च (भाषा) सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री बीबी गुरुंग का सोमवार को उम्र संबंधी बीमारियों की वजह से निधन हो गया। वह 92 साल के थें।

उनके परिवार ने बताया कि गुरुंग राज्य के तीसरे मुख्यमंत्री थे और उन्होंने सोमवार सुबह करीब छह बजे गंगटोक के लुमसुई स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली।

उनके सम्मान में सरकार ने तीन अप्रैल तक सात दिनों के लिए राजकीय शोक की घोषणा की है।

गुरुंग का जन्म 11 अक्टूबर 1929 में पश्चिमी सिक्किम के चाकुंग में हुआ था। उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई दार्जीलिंग के सेंट रॉबर्ट स्कूल से की थी और स्नातक की उपाधि कलकत्ता विश्वविद्यालय से हासिल की थी।

गुरुंग ने राजनीति की शुरुआत 1947 में कांग्रेस की सिक्किम इकाई के संस्थापक सदस्य के तौर पर की थी। उन्हें वर्ष 1958 में महासचिव बनाया गया और वह वर्ष 1967 में तत्कालीन सिक्किम रियासत में कार्यकारी काउंसिलर निर्वाचित हुए।

सिक्किम का वर्ष 1975 में भारत में विलय होने के बाद गुरुंग वर्ष 1977 में कांग्रेस के टिकट पर राज्य की पहली विधानसभा के लिए चुने गए। वह पहली विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए और वर्ष 1979 तक इस पद पर रहे।

उन्होंने मई 1984 में राजनीतिक अस्थिरता के बीच सिक्किम के तीसरे मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। वह दो सप्ताह तक सिक्किम के मुख्यमंत्री रहे और यह राज्य के इतिहास में मुख्यमंत्री की सबसे छोटी अवधि है।

गुरुंग के निधन पर मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कहा कि वह अभिभावक थे जिन्होंने अपने सुझावों से उनकी पार्टी एसकेएम का मार्गदर्शन किया।

भाषा धीरज नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments