रायपुर, 18 मार्च (भाषा) छत्तीसगढ़ विधानसभा में बुधवार को 54 महिलाओं समेत कुल 140 पूर्व माओवादियों ने सदन की कार्यवाही देखी।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले इन लोगों ने विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात भी की और आत्मसमर्पण से पहले के अपने जीवन तथा वर्तमान परिस्थितियों के बारे में विस्तार से चर्चा की।
बयान में कहा गया है कि बातचीत के दौरान पूर्व माओवादियों ने साय को बताया कि अब उनका जीवन पूरी तरह बदल चुका है।
बयान के अनुसार उन्होंने कहा कि पहले वे जंगलों में असुरक्षा और भय के बीच जीते थे जबकि अब अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं।
बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री साय ने सभी का मुख्यधारा में स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय केवल व्यक्तिगत बदलाव नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक बड़ा कदम है।
उन्होंने कहा कि संविधान पर विश्वास जताकर सभी ने एक सकारात्मक और प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
भाषा संजीव जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
