scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमदेशकर्नाटक के पूर्व मंत्री सोमन्ना ने उन्हें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने का अनुरोध किया

कर्नाटक के पूर्व मंत्री सोमन्ना ने उन्हें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने का अनुरोध किया

Text Size:

बेंगलुरु, 23 जून (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के खिलाफ वरूणा सीट पर विधानसभा चुनाव हारने वाले पूर्व मंत्री वी. सोमन्ना ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेतृत्व से उन्हें पार्टी की प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त करने की अपील की।

वरूणा और चामराजनगर, दोनों सीट से चुनाव हारने वाले भाजपा नेता ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से उन्हें कम से कम 100 दिन देने को कहा है।

सोमन्ना ने यहां संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने अपने जीवन में कई चुनाव लड़े हैं और भाजपा में पिछले 15 वर्षों से हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें जो कुछ भी जिम्मेदारी सौंपी गई उसे उन्होंने गंभीरतापूर्वक पूरा किया।

पूर्व मंत्री ने कहा कि पिछले डेढ़ महीने उनके पास कोई काम नहीं रहा है, जबकि वह चौबीसों घंटे काम करने वाले व्यक्ति हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे एक अवसर दीजिए। मेरे पास 45 वर्षों का राजनीतिक अनुभव है और मैं हर किसी को साथ लेकर चलता हूं। मुझे 100 दिन दीजिए।’’

सोमन्ना ने कहा, ‘‘यदि अवसर दिया गया तो मैं वह काम करूंगा। यदि नहीं, तो मैं इसे आप पर छोड़ दूंगा और चुप रहूंगा। मैंने इसे बहुत गंभीरता से लिया है। हमारे नेताओं को मेरे नाम पर विचार करना चाहिए।’’

उनके मुताबिक, उन्होंने इस सिलसिले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री प्रह्लाद जोशी और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बी एल संतोष और पार्टी के अन्य शीर्ष नेताओं से बात की है।

सोमन्ना ने कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को छोड़ कर उन सभी से मिला हूं जिनसे मुझे मिलना चाहिए था।’’

पूर्व मंत्री ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के अलावा आगामी नगर निकाय चुनाव और कुछ अन्य स्थानीय निकाय चुनावों में उनका अनुभव पार्टी के लिए मददगार साबित होगा।

भाषा सुभाष माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments