scorecardresearch
Friday, 15 August, 2025
होमदेशहरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और जाट नेता ओम प्रकाश चौटाला का निधन

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और जाट नेता ओम प्रकाश चौटाला का निधन

Text Size:

(फोटो के साथ)

चंडीगढ़/नयी दिल्ली, 20 दिसंबर (भाषा) इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के अध्यक्ष और पांच बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे प्रमुख जाट नेता ओम प्रकाश चौटाला का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे।

पार्टी प्रवक्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पूर्व उप प्रधानमंत्री देवीलाल के बेटे चौटाला को गुरुग्राम में उनके घर में दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

चौटाला का उनके पैतृक जिले सिरसा में तेजा खेड़ा फार्म पर रविवार को अपराह्न तीन बजे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पूर्व उपप्रधानमंत्री देवीलाल के सबसे बड़े बेटे और पांच बार मुख्यमंत्री रहे चौटाला अपने पिता द्वारा स्थापित इनेलो के प्रमुख थे।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्होंने मेदांता अस्पताल में दोपहर करीब 12 बजे अंतिम सांस ली।

हरियाणा के एक प्रमुख राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाले और एक प्रमुख क्षेत्रीय पार्टी का चेहरा रहे चौटाला पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे थे।

उनके दो बेटे और तीन बेटियां हैं। उनकी पत्नी स्नेहलता का पांच साल पहले निधन हो गया था। चौटाला का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार शनिवार अपराह्न तीन बजे उनके तेजा खेड़ा फार्म पर किया जाएगा।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ चौटाला के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। धनखड़ ने कहा कि उनके दशकों से चौटाला परिवार के साथ मधुर संबंध रहे हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित कई नेताओं ने चौटाला के निधन पर शोक व्यक्त किया।

राष्ट्रपति के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हवाले से कहा गया, ‘‘हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के निधन की खबर दुखद है। अपने दशकों लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने हरियाणा की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैं उनके परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं।’’

चौटाला के निधन पर शोक जताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रदेश की राजनीति में वह वर्षों तक सक्रिय रहे और चौधरी देवीलाल जी के कार्यों को आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया।”

सैनी ने कहा कि इनेलो सुप्रीमो का निधन बेहद दुखद है।

सैनी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मेरी ओर से विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने प्रदेश और समाज की जीवनपर्यंत सेवा की। देश व हरियाणा प्रदेश की राजनीति के लिए यह अपूरणीय क्षति है।”

पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, ‘‘मुझे याद है कि जब चौटाला मुख्यमंत्री थे, तब मैं हरियाणा विधानसभा में विपक्ष का नेता था। चौटाला ने राज्य के लोगों की सेवा की। उनके साथ कई अच्छी यादें जुड़ी हैं, वह उनके बड़े भाई की तरह थे।”

कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला और कुमारी सैलजा ने भी चौटाला के निधन पर शोक व्यक्त किया।

हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर दुख व्यक्त किया और कहा कि वह एक दूरदर्शी नेता थे जिन्होंने अपना जीवन राज्य के लोगों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया।

हरियाणा के राज्यपाल के हवाले से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘हरियाणा के विकास में ओम प्रकाश चौटाला जी के योगदान और यहां के लोगों, विशेषकर ‘किसानों’ के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को हमेशा याद किया जाएगा। उनका निधन राज्य और इसके लोगों के लिए एक बड़ी क्षति है।’’

एक जनवरी, 1935 को जन्मे ओम प्रकाश चौटाला पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवी लाल की पांच संतानों में सबसे बड़े थे।

चौटाला ने प्राथमिक शिक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। 2013 में जब चौटाला शिक्षक भर्ती घोटाले के सिलसिले में तिहाड़ जेल में बंद थे, तब उन्होंने 82 साल की उम्र में 10वीं और फिर 12वीं की परीक्षा पास की थी।

शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में उन्हें 2013 में जेल भेजा गया था और 2021 में रिहा किया गया था।

चौटाला, उनके बेटे अजय चौटाला और भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी संजीव कुमार सहित 53 अन्य को वर्ष 2000 में 3,206 जूनियर बेसिक शिक्षकों की अवैध भर्ती के मामले में दोषी ठहराया गया और सजा सुनाई गई थी।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री के छोटे बेटे अभय सिंह चौटाला इनेलो के वरिष्ठ नेता हैं, जबकि बड़े बेटे अजय सिंह चौटाला, जो पूर्व सांसद हैं, जननायक जनता पार्टी (जजपा) के प्रमुख हैं। दिसंबर 2018 में पारिवारिक कलह के बाद पार्टी में हुए विभाजन के बाद जजपा का जन्म हुआ था।

अभय के बेटे अर्जुन हरियाणा के विधायक हैं जबकि अजय चौटाला के बेटे दुष्यंत और दिग्विजय जजपा नेता हैं। दुष्‍यंत चौटाला हरियाणा के उप मुख्‍यमंत्री भी रह चुके हैं।

चौटाला की पार्टी इनेलो भी पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी रही है। इनेलो 2005 से हरियाणा में सत्ता से बाहर है।

भाषा

संतोष नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments