scorecardresearch
Sunday, 29 September, 2024
होमदेशनड्डा से मिलीं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे

नड्डा से मिलीं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे

Text Size:

नयी दिल्ली, 29 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के कुछ दिनों बाद राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की।

उनकी इन मुलाकातों को कांग्रेस शासित राजस्थान में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की कमजोरियों को दुरुस्त करने के भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रयासों के रूप में देखा जा रहा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, नड्डा ने राजे से राजस्थान में पार्टी से जुड़े मामलों को लेकर चर्चा की और उनकी राय जानी।

राजस्थान में राजे के नेतृत्व में चुनाव लड़कर भाजपा दो बार सत्ता हासिल कर चुकी है।

भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से वसुंधरा की मुलाकात अहम मानी जा रही है क्योंकि ऐसा माना जा रहा था कि पिछले कुछ वर्षों से राजे पार्टी की गतिविधियों में कम दिलचस्पी दिखा रही थीं।

बहरहाल, राजस्थान के लोकप्रिय नेताओं में आज भी वसुंधरा राजे का नाम शुमार होता है और वह राज्य में भाजपा का सबसे बड़ा चेहरा हैं।

अपने जन्मदिन के मौके पर राजे ने आठ मार्च को राजस्थान में एक रैली की थी, जिसमें बड़ी संख्या में लोग जुटे थे और भाजपा के नेता भी शामिल हुए थे।

हाल ही में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोहों में भी राजे को आमंत्रित किया गया था।

भाषा ब्रजेन्द्र ब्रजेन्द्र दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments