scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमदेशमतदान प्रक्रिया देखने के लिए विदेशी प्रतिनिधिमंडल केरल पहुंचेगा : निर्वाचन आयोग

मतदान प्रक्रिया देखने के लिए विदेशी प्रतिनिधिमंडल केरल पहुंचेगा : निर्वाचन आयोग

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, आठ अप्रैल (भाषा) केरल विधानसभा चुनाव के लिए नौ अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले, पूरी निवा्रचन प्रक्रिया का अवलोकन करने के लिए एक विदेशी प्रतिनिधिमंडल बुधवार को राज्य पहुंचेगा। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।

निर्वाचन आयोग (ईसी) ने बताया कि यह प्रतिनिधिमंडल सुबह राज्य की राजधानी पहुंचेगा और चुनावी प्रक्रियाओं का अवलोकन करने के लिए विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा करेगा।

यह प्रतिनिधिमंडल निर्वाचन आयोग के ‘अंतरराष्ट्रीय निर्वाचन आगंतुक कार्यक्रम’ (आईईवीपी) 2026 के तहत आ रहा है जिसका उद्घाटन एक दिन पहले मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने किया था।

निर्वाचन आयोग ने बताया कि पहले चरण में प्रतिनिधिमंडल आठ और नौ अप्रैल को असम, केरल और पुडुचेरी का दौरा करेगा और दूसरे चरण में वे 20 अप्रैल से पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जाएंगे।

आयोग ने कहा है कि दिल्ली स्थित पांच विदेशी दूतावासों के प्रतिनिधियों सहित 23 देशों के 43 प्रतिनिधि कार्यक्रम के पहले चरण में भाग लेंगे।

निर्वाचन आयोग के एक बयान के अनुसार, केरल में प्रतिनिधिमंडल दोपहर में मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतन यू केलकर से मुलाकात करेगा और फिर मतदान सामग्री वितरण की प्रक्रिया का अवलोकन करने के लिए यहां वझुथाकाउड स्थित एक वितरण केंद्र का दौरा करेगा।

बयान में कहा गया है कि समूह बृहस्पतिवार को सुबह वझुथाकाउड के एक मतदान केंद्र पर ‘मॉक पोल’ का अवलोकन करेगा और फिर राज्य की राजधानी में कलेक्ट्रेट स्थित कुछ मतदान केंद्रों और नियंत्रण कक्ष का दौरा करेगा।

बयान के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल शाम को राज्य से रवाना होगा।

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि आईईवीपी, अन्य देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के चुनाव प्रबंधन निकायों (ईएमबी) के साथ अंतरराष्ट्रीय सहयोग और जुड़ाव के लिए निर्वाचन आयोग का एक प्रमुख कार्यक्रम है।

निर्वाचन आयोग ने कहा, ‘‘आईईवीपी, भारत के चुनावी ढांचे, संस्थागत तंत्र और परिचालन संरचना का व्यापक अवलोकन प्रदान करता है, साथ ही विदेशी ईएमबी प्रतिनिधियों को चुनाव प्रबंधन में सर्वोत्तम प्रथाओं और नवाचारों से परिचित कराता है।’’

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments