कोलकाता, 30 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय के चार वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि यह स्थानांतरण विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल सिविल सेवा (कार्यकारी) के पांच अधिकारियों के फेरबदल के तहत उठाया गया है।
यह फेरबदल प्रशासनिक निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग के प्रस्ताव के बाद किया गया।
जिन अधिकारियों के तबादले किये गए हैं उनमें मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में कार्यरत अधिकारी और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के एक अधिकारी शामिल हैं।
कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुब्रत पाल को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में वरिष्ठ उप सचिव के पद पर स्थानांतरित किया गया है।
इसमें कहा गया है कि सीईओ नरेंद्र नाथ दत्त के कार्यालय में एक अतिरिक्त सचिव को श्रम विभाग में अतिरिक्त सचिव के रूप में तैनात किया गया है, जबकि उसी पद पर कार्यरत सुप्रिया दास को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग और बागवानी विभाग में इसी तरह के पद पर स्थानांतरित किया गया है।
इसमें कहा गया है कि सीईओ कार्यालय में संयुक्त सचिव रहीं मीठू सरकार को अल्पसंख्यक मामलों और मदरसा शिक्षा विभाग में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
इसमें बताया गया है कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में अतिरिक्त सचिव के पद पर कार्यरत राहुल नाथ को सीईओ कार्यालय में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है।
निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि ये तबादले चुनाव पूर्व नियमित उपायों का हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा, ‘इस तरह के तबादले निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने और चुनावी प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के लिए किए जाते हैं।’
अधिसूचना के अनुसार, अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से और अगले आदेश तक नए पदों पर स्थानांतरित कर दिया गया है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीट के लिए चुनाव दो चरणों में – 23 और 29 अप्रैल को होंगे। मतों की गिनती 4 मई को होगी।
भाषा अमित नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
