कोरबा, 18 मार्च (भाषा) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिले के पाली थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में तीन लोगों की तथा जटगा चौकी क्षेत्र में दो लोगों की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह लगभग नौ बजे जिले के पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत नुनेरा-दीपका मार्ग पर कोयले से लदा एक ट्रेलर मोटरसाइकिल के उपर पलट गया, जिसकी वजह से पोटापानी गांव के निवासी तीन युवक बृजपाल सिंह कंवर (26), मंगल सिंह (28) और ओमप्रकाश (24) की मौके पर ही मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि दीपका खदान की ओर से कोयला लेकर एक ट्रेलर बिलासपुर के लिए रवाना हुआ था, जब वह नुनेरा गांव के करीब पहुंचा तो वाहन चालक को झपकी आ गई और ट्रेलर अनियंत्रित होकर एक मोटरसाइकिल के उपर पलट गया। इस घटना में मोटरसाइकिल सवार तीनों युवक नीचे दब गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया तथा शवों को बाहर निकाला गया।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने ट्रेलर को जब्त करके वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद परिजनो और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया और प्रशासन की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजन को सवा-सवा लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा किए जाने के बाद लोग शांत हुए। घटना के बाद इस मार्ग पर करीब चार घंटे तक आवागमन बंद रहा।
उन्होंने बताया कि एक अन्य घटना में जिला मुख्यालय से लगभग 75 किलोमीटर दूर जटगा चौकी क्षेत्र में जामपानी पहाड़ के करीब सड़क हादसे में खरंजी गांव की निवासी ननकी बाई (60) और उनकी नातिन मनीषा कुमारी (नौ) की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि ननकी बाई मनीषा को लेकर किसी रिश्तेदार के विवाह में शामिल होने गई थी। जब वह अपने एक रिश्तेदार जयसिंह टेकाम के साथ मोटर साइकल से अपने घर लौट रही थीं तभी जामपानी पहाड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिसकी वजह से ननकी बाई और मनीषा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने शवों को अस्पताल पहुंचाया। इस घटना में जयसिंह को भी चोट पहुंची है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
भाषा सं संजीव
जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
