देवघर, 22 मार्च (भाषा) झारखंड के देवघर जिले में लोगों के मोबाइल फोन पर एपीके फाइल भेजकर उन्हें कई सरकारी योजनाओं के तहत ऋण देने का वादा करके धोखाधड़ी करने का आरोप में रविवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस दल ने सारवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक इलाके से आरोपी को पकड़ लिया।
देवघर के पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) राजा कुमार मित्रा ने बताया, ‘पुलिस ने उनके पास से छह मोबाइल फोन और सात सिम कार्ड जब्त किए हैं। आरोपी बैंकों के ग्राहक सेवा अधिकारी बनकर प्रधानमंत्री किसान योजना के तहत ऋण दिलाने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी कर रहे थे।’
डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि वे लोगों के मोबाइल नंबर पर एपीके (एंड्रॉइड पैकेज किट) फाइल भेजकर उनके साथ धोखाधड़ी कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि उनके खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
भाषा
शुभम रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
