नयी दिल्ली, 14 नवंबर (भाषा) नागरिकता अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध कानून के एक छात्र और पशु चिकित्सा विज्ञान की पढ़ाई कर रहे छात्र सहित पांच व्यक्ति 2025 के लिए रोड्स विद्वान के रूप में चुने गए पांच भारतीयों में शामिल हैं।
वे अक्टूबर 2025 में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय जाएंगे, जहां पांचों भारतीय पूरी तरह से वित्तपोषित स्नातकोत्तर अध्ययन करने के लिए दुनिया भर के सौ से अधिक विद्वानों के समूह का हिस्सा बनेंगे।
रोड्स छात्रवृत्ति दुनिया की सबसे प्रमुख और सबसे पुरानी स्नातक फेलोशिप है, जिसकी शुरूआत 1903 में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में हुई थी। भारत के लिए छात्रवृत्ति 1947 में शुरू हुई और हर साल प्रदान की जाती है।
रोड्स सीईओ एलिजाबेथ किस ने कहा, ‘‘एक सदी से भी अधिक समय से, रोड्स ट्रस्ट असाधारण व्यक्तियों को ऑक्सफोर्ड में लायी है और एक जीवंत वैश्विक समुदाय को बढ़ावा दिया है।’’
चयनित भारतीयों में शामिल हैं – रेयान चक्रवर्ती, जो जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे हैं; विभा स्वामीनाथन, जो नेशनल लॉ स्कूल, बेंगलुरू में विधि की अंतिम वर्ष की छात्रा हैं; अवनीश वत्स, जिन्होंने झारखंड में विकलांग व्यक्तियों के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य देखभाल पर शोध किया है।
इनके अलावा, आईसीएआर, बरेली में पशु चिकित्सा विज्ञान और पशुपालन में स्नातक की पढ़ाई कर रहे शुभम नरवाल और आईआईटी,बंबई में बीटेक इंजीनियरिंग भौतिकी के अंतिम वर्ष के छात्र पाल अग्रवाल भी चयनित भारतीयों में शामिल हैं।
भाषा सुभाष माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.