नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) अबू धाबी में शुक्रवार को एक मिसाइल के मलबे से कथित तौर पर घायल हुए 12 लोगों में पांच भारतीय नागरिक शामिल हैं।
अबू धाबी मीडिया कार्यालय ने सोशल मीडिया पर कहा कि इस घटना में पांच भारतीय और छह नेपाली नागरिक मामूली रूप से घायल हो गये जबकि एक अन्य नेपाली नागरिक गंभीर रूप से घायल हुआ है।
इसने कहा कि यह घटना अबू धाबी के अजबान इलाके में तब हुई जब हवाई रक्षा प्रणालियों द्वारा मिसाइल को रोके जाने के बाद मलबा गिरा।
इस घटना पर भारतीय पक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
पश्चिम एशिया में 28 फरवरी को संघर्ष शुरू होने के बाद से इस क्षेत्र में आठ भारतीय नागरिक मारे गए हैं और कई अन्य घायल हुए हैं।
पिछले सप्ताह, अबू धाबी में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की हवाई रक्षा प्रणाली द्वारा रोकी गई मिसाइलों के मलबे की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें एक भारतीय भी शामिल था।
रियाद में 18 मार्च को हुए ईरानी हमले में एक और भारतीय नागरिक मारा गया था।
ओमान के सोहार शहर में 13 मार्च को हुए ड्रोन हमले में दो भारतीय नागरिक मारे गये थे और 10 घायल हो गये थे।
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.