scorecardresearch
Friday, 13 March, 2026
होमदेशगाजीपुर डंपिंग यार्ड में लगी आग 50 घंटे बाद बुझाई गई

गाजीपुर डंपिंग यार्ड में लगी आग 50 घंटे बाद बुझाई गई

Text Size:

नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में डंपिंग यार्ड (कचरा एकत्र करने वाले स्थान) पर सोमवार को लगी भीषण आग को 50 घंटे बाद बुधवार शाम तक बुझा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

डंपिंग यार्ड में आग लगने के कारण आसपास के इलाकों में धुआं फैल गया था। अधिकारियों ने बतया कि बुधवार शाम पांच बजे तक आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।

अग्नि शमन विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि आग बुझाने की कार्रवाई पूरी हो चुकी है और इस घटना में किसे के हताहत होने का कोई मामला नहीं आया। अधिकारियों ने कहा कि गाजिपुर के खत्ते में आग लगने की सूचना उन्हें सोमवार दोपहर ढाई बजे मिली थी।

दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को कहा कि इस मामले में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) प्रियंका कश्यप ने मंगलवार को बताया, ‘‘ भारतीय दंड संहिता की धारा 278 (स्वास्थ्य के लिए हानिकारक वातावरण बनाना), 285 (आग या ज्वलनशील पदार्थ के संबंध में लापरवाहीपूर्ण आचरण) और 336 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना) के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।’’

दमकल विभाग द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, इस साल रविवार तक विभिन्न लैंडफिल साइट पर आग लगने की कुल चार घटनाएं हुईं हैं। पिछले साल इसी अवधि में आग लगने की 16 घटनाएं हुईं थी।

इन 16 में से 12 घटनाएं भलस्वा में और चार गाजीपुर में हुई थीं। वहीं, 2020 में 15 और 2019 में ऐसी 37 घटनाएं हुईं थी।

भाषा संतोष नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments