(तस्वीरों के साथ)
भोपाल, 17 जुलाई (भाषा) मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से नयी दिल्ली जा रही वंदे भारत ट्रेन की एक बोगी के बैटरी बॉक्स में सोमवार सुबह आग लग गई। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। बोगी में 20-22 यात्री थे और उन्हें तुरंत दूसरी बोगी में स्थानांतरित किया गया।
पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि रानी कमलापति-हज़रत निज़ामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सुबह पांच बजकर 40 मिनट पर भोपाल से रवाना हुई।
उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘जब यह कल्हार स्टेशन से गुजर रही थी तो स्टेशन प्रबंधक ने सी-14 बोगी के बैटरी बॉक्स से धुआं निकलते देखा, जिसके बाद उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और ट्रेन को कुरवाई-कैथोरा स्टेशन पर रोक दिया गया।’’
उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों ने सुबह करीब आठ बजे आग पर काबू पाया।
अधिकारी ने कहा कि बैटरी बॉक्स बोगी के नीचे यात्रियों की सीटों से काफी दूरी पर होता है। बैटरी बॉक्स में आग लगते ही विद्युत सुरक्षा प्रणाली ने बैटरियों को उससे अलग कर दिया।
उन्होंने बताया कि बैटरियां हटा दी गईं और आग बुझा दी गई है।
अधिकारी ने बताया कि रेलवे कर्मचारी मरम्मत का काम कर रहे हैं।
भाषा दिमो गोला
गोला
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.