विजयपुरा (कर्नाटक), पांच फरवरी (भाषा) कर्नाटक के विजयपुरा में बृहस्पतिवार तड़के एक कार सर्विस सेंटर में लगी भीषण आग में 20 से अधिक कारें जलकर खाक हो गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आग राष्ट्रीय राजमार्ग-50 के किनारे स्थित एचएमके कार सर्विस सेंटर में लगी, जहां विभिन्न कंपनियों के वाहन मरम्मत और सर्विस किये जाने के लिए खड़े किए गए थे।
पुलिस ने बताया कि, आग तेजी से फैली और पूरा सर्विस सेंटर जलकर राख हो गया। पुलिस ने बताया कि हादसे में 20 से अधिक कारें पूरी तरह नष्ट हो गईं तथा सेंटर में रखे करीब 35 लाख रुपये मूल्य के स्पेयर पार्ट्स भी जल गए।
पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
सूचना मिलते ही दमकल और आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। गोल गुम्बज और विजयपुरा ग्रामीण थाना क्षेत्र के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
भाषा मनीषा अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
