scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशयूपीएससी, न्यायिक सेवाओं की प्रारंभिक परीक्षा में सफल ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों को वित्तीय मदद: सैनी

यूपीएससी, न्यायिक सेवाओं की प्रारंभिक परीक्षा में सफल ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों को वित्तीय मदद: सैनी

Text Size:

चंडीगढ़, आठ अप्रैल (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को घोषणा की कि उनकी सरकार आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (ईडब्ल्यूएस) के उन अभ्यर्थियों को आगे की तैयारी के लिए वित्तीय मदद मुहैया कराएगी, जो संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), राज्य लोक सेवा आयोग और न्यायिक सेवाओं की प्रारंभिक परीक्षाओं में उत्तीर्ण होते हैं।

सैनी ने हाल ही में यूपीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले हरियाणा के युवाओं को सम्मानित करने के लिए चंडीगढ़ में आयोजित समारोह में अपने संबोधन के दौरान यह घोषणा की।

उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री युवा प्रतिभा प्रोत्साहन योजना’ के तहत आर्थिक रूप से कमजोर अभ्यर्थियों को 25,000 रुपये से लेकर 70,000 रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने घोषणापत्र में ‘मुख्यमंत्री युवा प्रतिभा प्रोत्साहन योजना’ शुरू करने की प्रतिबद्धता जताई थी, जिसे पूरा करने के लिए अब यूपीएससी, हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) और न्यायिक सेवाओं की प्रारंभिक परीक्षाओं को उत्तीर्ण करने वाले आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों की वार्षिक आय एक लाख रुपये तक है, उनके छात्रों को 70,000 रुपये मिलेंगे, जबकि जिन परिवारों की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये तक है, उनके छात्रों को 60,000 रुपये, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख से तीन लाख रुपये के बीच है, उनके छात्रों को 50,000 रुपये मिलेंगे और जिनकी वार्षिक आय तीन लाख से पांच लाख रुपये के बीच है, उनके छात्रों को 25,000 रुपये मिलेंगे।

उन्होंने घोषणा की कि राज्य के सभी सरकारी विश्वविद्यालयों में शाम की कक्षाओं के जरिये यूपीएससी और एचपीएससी परीक्षाओं के लिए कोचिंग प्रदान की जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि अधिक से अधिक युवा इन प्रतियोगी परीक्षाओं से लाभान्वित हो सकें और सफल हो सकें।

भाषा पारुल सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments