कोलकाता, एक फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी राज्य विधानसभा चुनाव में अपनी हार को लेकर आश्वस्त है, इसलिए वह विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का सहारा ले रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को राजनीतिक और लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ना चाहिए।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख ने नयी दिल्ली रवाना होने से पहले कोलकाता हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘ उन्हें (भाजपा को) पता है कि वे बंगाल में हार जाएंगे। इसीलिए वे एसआईआर का इस्तेमाल कर रहे हैं।’’
बनर्जी की सोमवार शाम को मुख्य निर्वाचन आयुक्त से मुलाकात निर्धारित है।
उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा, ‘‘अगर उनमें हिम्मत है, तो मैं उनसे अपील करूंगी कि वे निर्वाचन आयोग और अन्य एजेंसियों का दुरुपयोग करने के बजाय राजनीतिक और लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ें।’’
बनर्जी ने दावा किया कि इसी तरह की प्रथाओं ने अन्य राज्यों में चुनावी परिणामों को प्रभावित किया है।
भाजपा को चुनौती देते हुए बनर्जी ने कहा, ‘‘ मैं उनसे (भाजपा से) कहूंगी कि अगर हिम्मत है तो राजनीतिक लड़ाई लड़ो। हम लड़ने के लिए तैयार हैं। एक-एक इंच की लड़ाई।’’
विपक्षी दलों की संभावनाओं पर विश्वास व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ लेकिन बंगाल (बंगाल की जनता) जीतेगा। तमिलनाडु जीतेगा। केरल जीतेगा। और असम में वे (भाजपा) हारेंगे।’’
बनर्जी सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के साथ अपनी बैठक के दौरान मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित मुद्दों को उठाने वाली हैं।
टीएमसी प्रमुख ने कहा, ‘‘ मैं उन्हें (मुख्य निर्वाचन आयुक्त) यह भी बताऊंगी कि एसआईआर के नाम पर क्या चल रहा है। वे (भाजपा) संघीय ढांचे को कैसे खत्म करना चाहते हैं? मैं सब कुछ बताऊंगी। हमने क्या किया है।’’
भाषा रवि कांत नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
