सहारनपुर (उप्र), 17 जुलाई (भाषा) सहारनपुर जिले के देवबंद थानाक्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने उसके पिता और छोटे भाई को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पुलिस ने हत्यारोपी बाटू और उसके पुत्र पंकज को रविवार देर गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है।
इसके पहले उन्होंने बताया था कि शनिवार देर रात थाना देवबंद के ग्राम भायला निवासी बाटू ने परिवार के सदस्यों के बीच कहासुनी होने के दौरान अपने छोटे बेटे पंकज की मदद से बड़े पुत्र सचिन (25) की गला दबाकर हत्या कर दी थी। बताया जाता है कि सचिन मानसिक रूप से कमजोर था।
उन्होंने बताया कि सावित्री ने अपने पति और पंकज को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी और रविवार देर रात दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
भाषा सं आनन्द मनीषा अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.