scorecardresearch
Saturday, 4 April, 2026
होमदेशफतेहपुर में अंतरजातीय विवाह के पांच माह बाद दंपति ने की आत्महत्या

फतेहपुर में अंतरजातीय विवाह के पांच माह बाद दंपति ने की आत्महत्या

Text Size:

कानपुर (उप्र), 20 फरवरी (भाषा) फतेहपुर जिला में एक दंपति ने कथित तौर पर अंतरजातीय विवाह करने के पांच माह बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह घटना बृहस्पतिवार को बिंदकी के ललौली रोड स्थित बराती नगर की है।

उसने बताया कि जाफराबाद निवासी अमरजीत कुशवाहा (30) का शव सुबह उसके किराए के घर के स्नानगृह में फंदे से लटका मिला। कुशवाहा की पत्नी रेखा सोनकर (25) ने पुलिस को सूचना दी। हालांकि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही रेखा ने कथित तौर पर फंदा लगा लिया।

पुलिस ने स्नानगृह का दरवाजा तोड़कर अमरजीत के शव को नीचे उतारा और बाद में रेखा का शव कमरे में फंदे से लटका पाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं और घटनाक्रम तथा मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि दोनों कई महीनों से प्रेम संबंध में थे और लगभग पांच महीने पहले परिवारों की मर्जी के खिलाफ विवाह किया था।

मिश्रा ने बताया कि शादी के बाद दोनों परिवारों ने कथित तौर पर उनसे संबंध तोड़ लिए थे। कानपुर में कुछ समय रहने के बाद यह दंपति जनवरी में बिंदकी लौट आया और किराए के मकान में रहने लगा।

उन्होंने बताया कि सितंबर 2024 में युवक की शादी कहीं और तय होने की बात सामने आने पर महिला ने पुलिस से संपर्क किया था, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई, लेकिन संबंध को स्वीकार नहीं किया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच के नतीजों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं आनन्द खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments