श्रीनगर, एक मार्च (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने रविवार को अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या पर ‘गहरा दुख’ व्यक्त किया।
सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) ने यहां जारी एक बयान में कहा, ‘‘अब्दुल्ला ने इस कृत्य की कड़ी निंदा की है और इसे एक दुखद तथा अस्थिर करने वाला घटनाक्रम बताया, जिसका क्षेत्र की शांति और स्थिरता पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी घटनाएं अनिश्चितता और शोक को गहरा करती हैं। उन्होंने विवेक, संयम और न्याय तथा अंतरराष्ट्रीय कानून के सिद्धांतों के पालन की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया।
अब्दुल्ला ने शांति की अपील की और प्रशासन से स्थिति को संवेदनशीलता और विवेक के साथ संभालने का आग्रह किया।
उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि जो लोग शोक मनाना चाहते हैं, वे बिना किसी डर या अनुचित प्रतिबंध के सम्मानपूर्वक ऐसा कर सकें।
ईरान की सरकारी मीडिया ने रविवार तड़के यह पुष्टि की कि इजराइल और अमेरिका के हमले में खामेनेई की मौत हो गई। इस हमले में उनके दामाद और बहू की भी मौत हो गई।
भाषा प्रचेता संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
