scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमदेशमप्र में गेहूं की सरकारी खरीद के दौरान किसानों को मिलेगा 40 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस

मप्र में गेहूं की सरकारी खरीद के दौरान किसानों को मिलेगा 40 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस

Text Size:

इंदौर, छह मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को घोषणा की कि राज्य में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं की सरकारी खरीद के दौरान किसानों को इस खाद्यान्न पर 40 रुपये प्रति क्विंटल के मान से बोनस भी प्रदान किया जाएगा।

यादव ने इंदौर में संवाददाताओं को बताया, ‘‘हमारी सरकार ने निर्णय किया है कि हम गेहूं की खरीद के दौरान किसानों को 2,585 रुपये प्रति क्विंटल के एमएसपी के साथ ही 40 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस भी देंगे। इस तरह हम किसानों का गेहूं 2,625 रुपये प्रति क्विंटल के दाम पर खरीदेंगे।’

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ घोषित किया है और अन्नदाताओं के हित में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।

यादव ने बताया कि गेहूं की सरकारी खरीद के लिए किसानों के पंजीयन की आखिरी तारीख बढ़ाकर 10 मार्च कर दी गई है जो पहले सात मार्च तय की गई थी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार सिंचाई के लिए किसानों को दिन के वक्त बिजली मुहैया कराने का प्रयास करेगी क्योंकि रात में सिंचाई के कारण अन्नदाताओं को अलग-अलग मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।

मुख्यमंत्री ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की आयोजित ‘सिविल सेवा परीक्षा-2025’ की प्रावीण्य सूची में भोपाल के ईशान भटनागर के पांचवां स्थान और धार जिले के पक्षाल सेक्रेटरी के आठवां स्थान हासिल करने पर प्रसन्नता जताई और उन्हें बधाई दी।

उन्होंने कहा कि दोनों मेधावी युवाओं की यह उपलब्धि सूबे की बढ़ती साख की नजीर पेश करती है।

भाषा

हर्ष रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments