scorecardresearch
Wednesday, 8 April, 2026
होमदेशफरीदाबाद के एक व्यक्ति ने प्रेमिका को वीडियो कॉल करते हुए फांसी लगाकर आत्महत्या की

फरीदाबाद के एक व्यक्ति ने प्रेमिका को वीडियो कॉल करते हुए फांसी लगाकर आत्महत्या की

Text Size:

फरीदाबाद, पांच अप्रैल (भाषा) फरीदाबाद में रविवार को 28 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी प्रेमिका के साथ वीडियो कॉल पर बात करते हुए फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान फरीदाबाद की जवाहर कॉलोनी निवासी निखिल के रूप में हुई है।

एक अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, निखिल का संजय कॉलोनी की एक महिला के साथ करीब पांच साल से प्रेम संबंध था।

दंपति ने शादी करने की योजना बना ली थी और उनके परिजनों ने इस विषय पर चर्चा भी कर ली थी। हालांकि, महिला कुछ समय से निखिल से शादी करने से इनकार कर रही थी, जिससे निखिल मानसिक रूप से परेशान था।

रविवार शाम करीब पांच बजे निखिल ने व्हाट्सएप पर उस महिला से बात की। इसके बाद उसने वीडियो कॉल किया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की प्रत्यक्षदर्शी महिला ने तुरंत निखिल के दोस्तों को फोन किया।

जब वे निखिल के घर पहुंचे तो वह अपने कमरे में फांसी के फंदे से लटका हुआ मृत मिला।

बताया जा रहा है कि उस समय निखिल घर पर अकेला था। उसके पिता का कुछ साल पहले देहांत हो गया था और उसकी मां उज्जैन में थीं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच जारी है।

भाषा

शुभम प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments