scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशकोलकाता के अस्पताल में दो बच्चों की मौत के बाद परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया

कोलकाता के अस्पताल में दो बच्चों की मौत के बाद परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया

Text Size:

कोलकाता, नौ फरवरी (भाषा) कोलकाता के राज्य सरकार द्वारा संचालित ‘डॉ. बी.सी. रॉय पीजी इंस्टीट्यूट ऑफ पीडियाट्रिक साइंसेज’ में दो बच्चों की मौत के बाद उनके परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया और चिकित्सीय लापरवाही का आरोप लगाया।

न्यू टाउन के रहने वाले बच्चे के पिता ने बताया कि डेढ़ साल के बच्चे को शनिवार को बुखार होने पर अस्पताल लाया गया था, लेकिन चिकित्सकों ने केवल ओआरएस देने की सलाह दी और बच्चे को घर भेज दिया।

उन्होंने कहा, ‘हमें कहा गया था कि अगर हालत बिगड़े तो बच्चे को दोबारा लाएं। हालत खराब होने के बावजूद बच्चे को दो बार वापस भेज दिया गया।’

उन्होंने कहा, “रविवार दोपहर जब हम बच्चे को फिर से लाए तो अस्पताल में भर्ती करने से इनकार कर दिया गया। अस्पताल परिसर में इंतजार करते हुए बच्चे की मौत हो गई। हम इलाज के लिए लगातार गुहार लगाते रहे, लेकिन किसी ने नहीं सुनी।’

मृत बच्चों के परिजनों ने रविवार को अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया और चिकित्सकों पर समय पर इलाज करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

एक अधिकारी ने बताया प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई, हालांकि रविवार रात तक कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई।

रजेरहाट इलाके के सात वर्षीय एक अन्य बच्चे की भी रविवार दोपहर मौत हो गई। उसे बुखार, सर्दी और दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

परिजनों का आरोप है कि बच्चे को सलाइन (नसों के जरिए दी जाने वाली दवा) तो दी गई, लेकिन चिकित्सकों द्वारा नियमित निगरानी नहीं की गई।

मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के आपातकालीन विभाग के बाहर प्रदर्शन किया।

संस्थान के प्राचार्य दिलीप पाल ने कहा कि इलाज की सभी निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन किया गया।

उन्होंने कहा, ‘दस्त के मामलों में चिकित्सक मरीज की स्थिति का आकलन करते हैं और अक्सर ओआरएस की सलाह दी जाती है। हर मरीज को भर्ती करने की आवश्यकता नहीं होती।’

पुलिस ने बताया कि बाद में स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया।

भाषा

शुभम रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments