scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशअमृतसर में विस्फोटक बरामद, संदिग्धों को पकड़ने के लिए अलग-अलग राज्यों में पुलिस के दल रवाना

अमृतसर में विस्फोटक बरामद, संदिग्धों को पकड़ने के लिए अलग-अलग राज्यों में पुलिस के दल रवाना

Text Size:

चंडीगढ़, 17 अगस्त (भाषा) अमृतसर में पुलिस के एक अधिकारी के वाहन के नीचे से विस्फोटक (आईईडी) बरामद होने के एक दिन बाद पंजाब पुलिस ने बुधवार को कहा कि उसने घटना में शामिल संदिग्धों को पकड़ने के लिए विभिन्न राज्यों में पुलिस दलों को भेजा है।

मंगलवार को रंजीत एवेन्यू इलाके में उप-निरीक्षक (एसआई) दिलबाग सिंह के वाहन के नीचे एक आईईडी मिला जिसे छिपा कर रखा गया था। कार की सफाई कर रहे कर्मी ने इसे वाहन के नीचे देखा और सूचना दी।

पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात लोगों ने वाहन के नीचे विस्फोटक सामग्री रखी और फिर मौके से फरार हो गए।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (आंतरिक सुरक्षा) आर. एन. ढोके ने बुधवार को अमृतसर में घटनास्थल का दौरा किया और कहा कि संदिग्धों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

संवाददाताओं से बात करते हुए, ढोके ने कहा कि विस्फोटक का वजन लगभग 2.70 किलोग्राम था, जिसमें आरडीएक्स और एक टाइमर लगा हुआ था। उन्होंने बताया कि मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

उन्होंने कहा, ”हमें कुछ सुराग मिले हैं, इसलिए हमने अलग-अलग राज्यों में पुलिस के दल भेजे हैं।”

अधिकारी ने बताया कि पुलिस इसमें आतंकी पहलू से भी जांच कर रही है। वरिष्ठ अधिकारी इस मामले की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं।

ढोके ने कहा, ”हालांकि, हम एहतियातन उपनिरीक्षक की सुरक्षा बढ़ाएंगे।” उन्होंने कहा कि फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि यह आईईडी कहां से आया।

उन्होंने कहा, ”लेकिन पंजाब में आईईडी की बरामदगी के अब तक के रुझानों के मुताबिक, ये सभी पाकिस्तान से आए थे।”

भाषा फाल्गुनी अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments