scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमदेशओडिशा में बीजद के पूर्व विधायक के फार्महाउस की जमीन पर बेदखली अभियान चलाया गया

ओडिशा में बीजद के पूर्व विधायक के फार्महाउस की जमीन पर बेदखली अभियान चलाया गया

Text Size:

जाजपुर (ओडिशा), 25 फरवरी (भाषा) ओडिशा के जाजपुर जिले में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने के आरोप में धर्मशाला के पूर्व विधायक और बीजू जनता दल (बीजद) के नेता प्रणब कुमार बालाबंतराय के फार्महाउस पर बेदखली अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि अतिरिक्त तहसीलदार गगन बिहारी दास के नेतृत्व में धर्मशाला तहसील प्रशासन की एक टीम ने पंतूरी गांव में स्थित फार्महाउस की भूमि पर बुलडोजर से उन ढांचों को ध्वस्त कर दिया, जो कथित तौर पर सरकारी जमीन पर बने थे।

बालाबंतराय के इस फार्महाउस की कुल 12.88 एकड़ भूमि पर चारदीवारी और कुछ इमारतें बनाई गई थीं। अधिकारियों के अनुसार, इसमें से लगभग 1.10 एकड़ क्षेत्र को अतिक्रमित सरकारी भूमि के रूप में चिह्नित किया गया है।

अतिरिक्त तहसीलदार दास ने कहा, ‘ उचित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार अनधिकृत कब्जे को हटाने के लिए यह अभियान चलाया गया।’

दास ने बताया कि यह अभियान भूमि अभिलेखों के उचित सत्यापन के बाद चलाया गया।

इस कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

इससे पहले, धर्मशाला तहसील प्रशासन ने बालाबंतराय को नोटिस जारी कर सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे के संबंध में दस्तावेज पेश करने को कहा था। अधिकारियों ने बताया कि इस सिलसिले में 30 दिनों का नोटिस भी जारी किया गया था।

इसके जवाब में, बालाबंतराय ने ओडिशा उच्च न्यायालय का रुख किया और अपनी दावे वाली 12.88 एकड़ भूमि की पहचान और सीमांकन करने की मांग की। उन्होंने यह अनुरोध भी किया कि सीमांकन प्रक्रिया पूरी होने तक बेदखली की कोई कार्रवाई न की जाए।

उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद तहसील के अधिकारियों ने 17 फरवरी को भूमि की माप का काम शुरू किया। सूत्रों के अनुसार, माप के आधार पर मंगलवार को बेदखली अभियान चलाया गया।

भाषा प्रचेता मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments