नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव पांचवीं संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण सभा (यूएनईए) के विशेष सत्र में भाग लेने के लिए बुधवार को नैरोबी पहुंचे।
यूएनईए सोमवार को शुरू हुई थी और चार मार्च को संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम स्थापना की 50वीं वर्षगांठ मनाने के लिए पर्यावरण सभा के एक विशेष सत्र के साथ समाप्त होगी।
यादव ने ट्वीट किया, ‘संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण सभा के विशेष सत्र में भाग लेने के लिए नैरोबी पहुंचा।’’
उन्होंने कहा, ‘भारतीय प्रतिनिधिमंडल प्राकृतिक दुनिया को बचाने और बहाल करने के लिए बहुपक्षीय पर्यावरणीय प्रयासों में सक्रिय रूप से भाग लेगा, जिस पर हमारी अर्थव्यवस्थाएं निर्भर हैं।’
पर्यावरण सचिव लीना नंदन ने मंगलवार को यूएनईए में भारत का राष्ट्रीय बयान पेश किया था।
इसमें कहा गया कि भारत प्लास्टिक प्रदूषण की समस्या का समाधान करने और स्थलीय एवं जलीय पारिस्थितिकी तंत्रों के साथ-साथ मानव कल्याण पर इसके प्रतिकूल प्रभाव को कम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
सचिव ने यह भी कहा कि सतत विकास देश की विकास रणनीति का मूल है।
उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों, योजनाओं और कार्यक्रमों में सतत विकास लक्ष्यों को मुख्यधारा में लाने के लिए सक्रिय कदम उठाए गए हैं।
भाषा
नेत्रपाल माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
