नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव के “शांति, एकता, सेवा और सह-अस्तित्व के शाश्वत और दिव्य संदेश” से प्रेरित 96 छंदों वाली उर्दू किताब ‘मंज़िल-ए-नूर’ की अंग्रेजी में अनुदित पुस्तक का लोकार्पण किया गया है।
सिख धर्म के आध्यात्मिक नेता दर्शन सिंह ने 1969 में यह किताब उर्दू में लिखी थी और अंतरराष्ट्रीय गैर लाभकारी संगठन ‘सावन कृपाल रुहानी मिशन’ के प्रमुख राजिंदर सिंह ने इसका अंग्रेजी में अनुवाद किया है। अंग्रेजी में पुस्तक का शीर्षक ‘अबोड ऑफ लाइट’ है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि यह पुस्तक गुरु नानक देव के संदेश को लोगों के एक बड़े वर्ग तक पहुंचाती है।
उन्होंने कहा, “ संत राजिंदर सिंह जी महाराज ने इस किताब का अनुवाद कर बेहतरीन काम किया है और बड़ी संख्या में लोगों तक गुरु नानक देव जी महाराज का संदेश पहुंचाने में कामयाबी हासिल की है। कवि-संत दर्शन सिंह जी महाराज की दूरदर्शिता, ज्ञान और विनम्रता को संत राजिंदर सिंह जी महाराज द्वारा प्रतिष्ठित किया गया है।”
उर्दू में लिखे छंदों को देवनागरी और रोमन लिपियों में लिप्यंतरण कर अंग्रेजी में अनूदित किया गया है।
सिंह ने कहा कि उन्हें ‘अबोड ऑफ लाइट’ का विमोचन करते हुए बहुत हर्ष हो रहा है क्योंकि यह गुरु नानक देव जी महाराज के संदेश को साझा करती है।
भाषा नोमान पवनेश
पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.