नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग ने केंद्र से सूचना मिलने के बाद बुधवार को यहां नगर निगम चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा टाल दी। वहीं, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सवाल किया कि क्या केंद्र सरकार चुनाव को टालने या स्थगित करने के लिए निर्वाचन आयोग को कोई ‘निर्देश’ दे सकती है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त (एसईसी) एस के श्रीवास्तव शाम पांच बजे संवाददाता सम्मेलन के दौरान तारीखों की घोषणा करने वाले थे। हालांकि, श्रीवास्तव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे शाम 4.30 बजे केंद्र सरकार से कुछ संदेश मिला है, इसलिए मैं अभी तारीखों की घोषणा करने में समर्थ नहीं हूं।’’ एसईसी ने कहा, ‘‘हम तारीखों की घोषणा करने वाले थे, लेकिन अब उन्हें घोषित करने में 5-7 दिन और लगेंगे।’’
केजरीवाल ने एक ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या वह अब देश में चुनाव नहीं कराएंगे। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘क्या केंद्र सरकार किसी चुनाव को टालने या स्थगित करने के लिए निर्वाचन आयोग को ‘निर्देश’ दे सकती है? किस प्रावधान के तहत? क्या ये ‘दिशानिर्देश’ निर्वाचन आयोग के लिए बाध्यकारी हैं?’’
मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘निर्वाचन आयोग दबाव में क्यों झुक रहा है? मोदी जी अब इस देश में चुनाव भी नहीं करायेंगे?’’
श्रीवास्तव ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सरकार शायद ‘एमसीडी का पुनर्गठन’ करना चाहती है। उन्होंने कहा, ‘‘हो सकता है कि वे तीनों निगमों को फिर से मिला दें, इसलिए हमें इस पर विचार करना होगा और फिर एमसीडी चुनाव की तारीखों की घोषणा करनी होगी। हम उनकी सलाह पर गौर करेंगे।’’
श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘अगर तीनों निगम एक हो जाते हैं तो हमें उसी के अनुसार फैसला करना होगा। हम इस मुद्दे पर कानूनी राय ले रहे हैं।’’
उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली नगर निगमों में प्रत्येक में 104 वार्ड हैं। पूर्वी दिल्ली नगर निगम में 64 वार्ड हैं।
भाषा आशीष माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
