scorecardresearch
Monday, 20 April, 2026
होमदेशसीलमपुर में बुजुर्ग व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या

सीलमपुर में बुजुर्ग व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में सोमवार को एक बुजुर्ग शख्स की कथित रूप से चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने उसपर इसलिए हमला किया क्योंकि पीड़ित उसे पुराने विवाद के कारण घूर रहा था।

पुलिस ने बताया कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे सूचना मिली कि चाकू के वार से घायल एक व्यक्ति को जग प्रवेश चंद (जेपीसी) अस्पताल ले लाया गया है।

पुलिस की एक टीम तुरंत अस्पताल पहुंची, जहां घायल व्यक्ति इस्माइल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि इस्माइल अपने घर के पास मोहम्मद इरशाद के साथ बैठा था, तभी आरोपी दानिश वहां से गुजरा जिसके साथ उसका पहले से विवाद था।

उन्होंने बताया कि पीड़ित द्वारा घूरे जाने पर दानिश चिढ़ गया और इस्माइल को गाली देने लगा, जिससे दोनों के बीच तीखी बहस हुई।

पुलिस ने बताया कि बहस के दौरान शाहिद अली मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें मुक्के मारे जिससे उनकी आंख में चोट आई।

अधिकारी ने बताया, ‘हालात तब और बिगड़ गए जब आरोपी ने कथित रूप से इस्माइल पर चाकू से हमला कर दिया और उसकी छाती, पेट और सिर पर कई जगह वार किए।’

इसी बीच, अपने पिता पर हुए हमले के बारे में सुनकर जफर उर्फ जीशान और फैजान (इस्माइल के दोनों बेटे) बदला लेने के इरादे से वहां पहुंच गए।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद हाथापाई हुई और इस दौरान जफर उर्फ ​​जीशान और फैजान ने दानिश और उसके परिवार के सदस्यों पर हमला किया, जिसमें दानिश को सीने और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आईं।

उन्होंने बताया कि घायल दानिश को जेपीसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और जफर और फैजान के खिलाफ अलग मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है।

अधिकारी ने बताया कि अपराध जांच दल और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के अधिकारियों को घटनास्थल पर बुलाया गया और उन्होंने सबूत एकत्र किए।

पुलिस ने बताया कि घटनाक्रम का पता लगाने और गवाहों के बयानों की पुष्टि करने के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

भाषा नोमान नोमान संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments