scorecardresearch
Tuesday, 17 March, 2026
होमदेशआठ और श्रीलंकाई नागरिक तमिलनाडु पहुंचे

आठ और श्रीलंकाई नागरिक तमिलनाडु पहुंचे

Text Size:

रामेश्वरम, पांच जुलाई (भाषा) अभूतपूर्व आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका से परेशान नागरिकों के भारत आने का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा।

स्वदेश में लगातार मुश्किल होते हालात से निपटने में असमर्थ दो श्रीलंकाई परिवारों के आठ सदस्य मंगलवार को रामेश्वरम पहुंचे, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। इससे पहले, 105 श्रीलंकाई नागरिक समुद्र मार्ग से सोमवार को भारत आए थे।

अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार को स्थानीय मछुआरों ने श्रीलंका से नाव से आए आठ लोगों को अरिचलमुनाई में फंसे देखा, जिसके बाद उन्होंने समुद्री पुलिस को इसकी सूचना दी।

अधिकारियों ने बताया कि समुद्री पुलिस ने आठों श्रीलंकाई नागरिकों को बचाया और आगे की जांच के लिए धनुषखोड़ी ले आई, जिसके बाद उन्हें मंडपम शरणार्थी शिविर में भेज दिया जाएगा। ये आठों लोग श्रीलंका के जाफना प्रांत के रहने वाले हैं।

मंगलवार को रामेश्वरम पहुंचने वाले एक श्रीलंकाई नागरिक लवेंद्रन ने कहा कि उसका देश बेरोजगारी और आवश्यक वस्तुओं की आसमान छूती कीमतों सहित कई अन्य मुद्दों के चलते ‘असहनीय’ दौर से गुजर रहा है, जिसके कारण वहां जीवन गुजारना लगातार कठिन होता जा रहा है।

लवेंद्रन ने बताया कि दोनों परिवारों ने नाव के जरिये जाफना से रामेश्वरम तक की यात्रा करने के लिए भारी-भरकम राशि खर्च की है।

भाषा पारुल मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments