scorecardresearch
Friday, 30 October, 2026
होमदेशबक्सा की बाघिन को असम से वापस लाने के प्रयास जारी: मनोज ओरांव

बक्सा की बाघिन को असम से वापस लाने के प्रयास जारी: मनोज ओरांव

Text Size:

कोलकाता, 30 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के वन मंत्री मनोज ओरांव ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार असम के साथ समन्वय कर रही है ताकि उस बाघिन को वापस लाया जा सके, जो बक्सा बाघ अभयारण्य से पड़ोसी राज्य के रायमोना राष्ट्रीय उद्यान में चली गई है।

लगभग तीन साल की इस बाघिन को बिहार के वाल्मीकि बाघ अभयारण्य से लाकर दो अक्टूबर को बक्सा में छोड़ा गया था। अभयारण्य में बाघों की स्थायी आबादी स्थापित करने के प्रयासों के तहत यह कदम उठाया गया था।

इस बाघिन को अलीपुरद्वार जिले के बक्सा में केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की मौजूदगी में छोड़ा गया था।

अधिकारियों ने बताया कि यह बाघिन 23 अक्टूबर को संकोश नदी पार कर असम के रायमोना राष्ट्रीय उद्यान में पहुंच गई।

ओरांव ने कहा कि वह जल्द ही असम का दौरा करेंगे और बाघिन की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज रेडियो कॉलर के जरिये बाघिन का पता लगाया गया। उसे वापस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान के समन्वय के लिए मैं जल्द ही वहां जाऊंगा।’’

मंत्री ने कहा कि वन विभाग बाघिन की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए सभी संभावित विकल्पों पर विचार कर रहा है।

ओरांव ने बाघिन को बेहोश करने के लिए ‘ट्रैंक्विलाइजर गन’ के इस्तेमाल की संभावना के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘हम ऐसा कोई कदम नहीं उठाएंगे, जिससे उसे शारीरिक नुकसान पहुंचे। उसकी सुरक्षित और सुगम वापसी सुनिश्चित करने के लिए सभी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।’’

भाषा

देवेंद्र सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments