नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) मांस की आपूर्ति करने वाले ब्रांड जैपफ्रेश का संचालन करने वाली कंपनी डीएसएम फ्रेश फूड लिमिटेड ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 145 रुपये से 153 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया।
कंपनी ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि उसका आईपीओ 26 सितंबर को खुलकर 30 सितंबर को बंद होगा। वहीं एंकर (प्रमुख) निवेशक 25 सितंबर को शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे।
कंपनी का यह आईपीओ 59.06 लाख इक्विटी शेयरों का है जिसका मूल्य ऊपरी दायरे पर अधिकतम 59.65 करोड़ रुपये तक होगा।
आईपीओ से मिलने वाली राशि में से 25 करोड़ रुपये का उपयोग कार्यशील पूंजी के लिए किया जाएगा। इस राशि का इस्तेमाल विपणन खर्च, पूंजीगत खर्च, अधिग्रहण एवं अन्य रणनीतिक पहलों के लिए भी किया जाएगा।
वर्ष 2015 में स्थापित डीएसएम फ्रेश फूड ताज़ा मांस और पकाने एवं खाने के लिए तैयार मांसाहारी उत्पादों की प्रमुख एकीकृत खुदरा विक्रेता है।
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
