देहरादून, 27 नवंबर (भाषा) उत्तराखंड में हरिद्वार गंगा गलियारा, ऋषिकेश गंगा गलियारा और शारदा रिवरफ्रंट गलियारे के तहत कुल 8,279 करोड़ रुपये की प्रस्तावित परियोजनाओं में से लगभग 1,109 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में यहां हुई उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की बैठक में यह भी जानकारी दी गयी कि तीनों गलियारों की परियोजनाओं से 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष तथा 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है ।
अधिकारियों ने बैठक में बताया कि हरिद्वार गंगा गलियारे के तहत 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें से लगभग 495 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। प्रशासनिक मार्ग के विकास का 75 प्रतिशत, हरकी पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र में विकास कार्यों का 70 प्रतिशत, हरकी पौड़ी एवं सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत तथा रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास का 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
अधिकारियों के अनुसार, मां मनसा देवी एवं मां चंडी देवी मंदिरों के पहुंच मार्गों के विकास का क्रमशः 55 एवं 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इन सभी कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है । सतीकुंड के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है जिसे अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है ।
इसी प्रकार, ऋषिकेश गंगा गलियारे के तहत प्रस्तावित 3,456 करोड़ रुपये की परियोजनाओं में से 274 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का क्रियान्वयन चल रहा है। अधिकारियों ने कहा कि जानकी झूला के समीप एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर के निर्माण का 39 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसे अगले साल जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है ।
इसके अतिरिक्त, 115.07 करोड़ रुपये से त्रिवेणी घाट के विकास, 35.78 करोड़ रुपये से आस्था पथ के सौंदर्यीकरण तथा 32.28 करोड़ रुपये से चंद्रभागा पैदल पुल के निर्माण का कार्य चल रहा है । शिवपुरी एवं नीम बीच क्षेत्र में राफ्टिंग एवं पर्यटक सुविधाओं के विकास का कार्य भी किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि शारदा रिवरफ्रंट गलियारे में 1,526 करोड़ रुपये की प्रस्तावित परियोजनाओं में से 340.49 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है ।
इससे पहले, बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चल रही अवसंरचना परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाने और नई परियोजनाएं शीघ्र शुरू करने के निर्देश देते हुए कहा कि आगामी एक माह के भीतर कुछ परियोजनाओं के कार्य धरातल पर दिखाई देने चाहिए ।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विकास परियोजनाओं में स्थानीय विशिष्टताओं का समावेश करने को भी कहा जिससे क्षेत्र की पहचान बनी रहे और पर्यटन एवं रोजगार की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिल सके।
भाषा दीप्ति
संतोष रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.