नयी दिल्ली, 27 नवंबर (भाषा) व्हर्लपूल ऑफ इंडिया लिमिटेड की प्रवर्तक इकाई व्हर्लपूल मॉरीशस ने बृहस्पतिवार को खुले बाजार में लेनदेन के जरिये घरेलू उपकरण विनिर्माता कंपनी में 11.23 प्रतिशत हिस्सेदारी 1,489 करोड़ रुपये में बेची।
यह हिस्सेदारी बिक्री अमेरिकी घरेलू उपकरण विनिर्माता व्हर्लपूल कॉरपोरेशन द्वारा इस साल जनवरी में अपनी भारतीय इकाई, व्हर्लपूल ऑफ इंडिया लिमिटेड में अपनी हिस्सेदारी 2025 के अंत तक घटाकर लगभग 20 प्रतिशत करने की घोषणा के बाद हुई है।
बीएसई पर थोक सौदों के बारे में उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, व्हर्लपूल मॉरीशस लिमिटेड ने खुले बाजार में 1.42 करोड़ से अधिक शेयर बेचे, जो व्हर्लपूल की भारतीय इकाई में 11.23 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है।
शेयरों का निपटान 1,044.97 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर किया गया। इस तरह सौदे का कुल मूल्य 1,489.60 करोड़ रुपये रहा।
इस सौदे के बाद व्हर्लपूल मॉरीशस की अपनी भारतीय इकाई में हिस्सेदारी 51 प्रतिशत से घटकर 39.77 प्रतिशत रह गई है।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड (एमएफ), कोटक महिंद्रा एमएफ, फ्रैंकलिन टेम्पलटन एमएफ, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, पेरिस स्थित सोसाइटी जनरल और हेज फंड ईस्ट ब्रिज कैपिटल ने व्हर्लपूल ऑफ इंडिया लिमिटेड में कुल 55.90 लाख शेयर यानी 4.41 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी।
शेयरों की खरीद 1,041 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर हुई। इस तरह संयुक्त लेनदेन मूल्य 581.99 करोड़ रुपये बैठता है।
व्हर्लपूल ऑफ इंडिया के शेयरों के अन्य खरीदारों का विवरण फिलहाल उपलब्ध नहीं हो पाया है।
भाषा रमण प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
