scorecardresearch
Sunday, 11 January, 2026
होमदेशअर्थजगतव्हॉट्सऐप की सेवाएं एक घंटे से अधिक समय तक बाधित रहने के बाद फिर बहाल हुईं

व्हॉट्सऐप की सेवाएं एक घंटे से अधिक समय तक बाधित रहने के बाद फिर बहाल हुईं

Text Size:

नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर (भाषा) सोशल मीडिया मंच व्हॉट्सऐप को मंगलवार को ब्रिटेन से लेकर भारत तक सेवाओं में व्यवधान का सामना करना पड़ा। बड़ी संख्या में उपयोगकर्ता एक घंटे से अधिक समय तक ‘टेक्स्ट’ और वीडियो संदेश भेजने और प्राप्त करने में असमर्थ रहे।

एक घंटे से अधिक समय तक चले व्यवधान के बाद कुछ उपयोगकर्ताओं के लिए सेवाओं को बहाल कर दिया गया था। कई उपयोगकर्ताओं ने सेवा बहाली की पुष्टि की।

भारत और दुनिया के कई हिस्सों में व्हॉट्सऐप की सेवाएं मंगलवार दोपहर को बाधित हो गईं। इस दौरान हजारों उपयोगकर्ता मेटा के स्वामित्व वाले मंच पर संदेश भेजने या प्राप्त करने में असमर्थ थे।

सेवाएं बाधित होने के बीच व्हॉट्सऐप ने कहा था कि वह बहाली के लिए काम कर रही है।

मेटा कंपनी के प्रवक्ता ने बयान में कहा, ‘‘हमें जानकारी है कि कुछ लोगों को संदेश भेजने में समस्या हो रही है और हम जल्द से जल्द सभी के लिए व्हॉट्सऐप को बहाल करने पर काम कर रहे हैं।’’

इस बीच, ट्विटर पर ‘हैशटैग व्हॉट्सऐप डाउन’ ट्रेंड करने लगा और कई उपयोगकर्ताओं ने इस मुद्दे पर मजेदार मीम शेयर किए।

डाउनडेटेक्टर हीटमैप ने दिखाया कि दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता सहित प्रमुख शहरों में व्हॉट्सऐप उपयोगकर्ता सेवाओं में व्यवधान से प्रभावित थे। डाउनडेटेक्टर ने बताया कि करीब 29,000 उपयोगकर्ताओं ने व्यवधान की शिकायत की।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments