scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशअर्थजगतहम भारत को भरोसेमंद प्रौद्योगिकी साझेदार के रूप में देखते हैं: अमेरिकी वाणिज्य मंत्री

हम भारत को भरोसेमंद प्रौद्योगिकी साझेदार के रूप में देखते हैं: अमेरिकी वाणिज्य मंत्री

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) अमेरिका की वाणिज्य मंत्री जीना रायमोंडो ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका भारत को भरोसेमंद प्रौद्योगिकी साझेदार के रूप में देखता है और वह दोनों देशों के बीच प्रौद्योगिकी साझेदारी को बढ़ाना चाहता है।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने पिछले दो सालों में कई ऐसे कदम उठाए हैं, जिनसे भारत व्यापार करने के लिए और भी आकर्षक स्थल बन गया है।

रायमोंडो ने यहां संवाददाताओं से कहा कि डिजिटल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने और भ्रष्टाचार के प्रति कोई नरमी नहीं बरतने जैसे कदमों के कारण भारत और आकर्षक साझेदार बन गया है।

रायमोंडो तीन साल बाद हुए पांचवें भारत-अमेरिका वाणिज्य संवाद के बाद भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ संयुक्त रूप से संवाददाताओं को संबोधित कर रही थीं।

उन्होंने कहा, “हम भारत को भरोसेमंद प्रौद्योगिकी साझेदार के तौर पर देखते हैं और हम भारत के साथ अपनी प्रौद्योगिकी साझेदारी को बढ़ाना चाहते हैं… हम भारत के साथ और करीबी से काम करना चाहते हैं।”

भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोवाल के साथ बैठक पर रायमोंडो ने कहा, “हम पारस्परिक राष्ट्रीय सुरक्षा को बढ़ाने के लिए साथ कैसे काम कर सकते हैं, इन मुद्दों पर हमने सामान्य चर्चा की।”

इसबीच अमेरिका-भारत वाणिज्य संवाद में हुई घोषणाओं और सेमीकंडक्टर पर समझौतों का स्वागत करते हुए अमेरिका-भारत व्यापार परिषद ने शुक्रवार को कहा कि ऐसी पहलों में व्यावसायिक सहयोग का नया युग शुरू होगा।

परिषद के अध्यक्ष अतुल केशप ने कहा कि संवाद से अमेरिका-भारत के बीच महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों पर पहल (आईसीईटी) के क्षेत्र में जारी कार्यों को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा, “इन कदमों का उद्योग जगत ने स्वागत किया है।”

भाषा अनुराग पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments