नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) विक्रान इंजीनियरिंग का शेयर अपने निर्गम मूल्य 97 रुपये से करीब तीन प्रतिशत की बढ़त के साथ बुधवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ।
बीएसई पर शेयर की शुरुआत 99.70 रुपये पर हुई जो निर्गम मूल्य से 2.78 प्रतिशत की बढ़त दर्शाता है। बाद में यह 4.52 प्रतिशत चढ़कर 101.39 रुपये पर पहुंच गया।
एनएसई पर यह दो प्रतिशत की बढ़त के साथ 99 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ।
कंपनी का बाजार मूल्यांकन 2,561.06 करोड़ रुपये रहा।
विक्रान इंजीनियरिंग के 772 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के अंतिम दिन गत शुक्रवार तक 23.59 गुना अभिदान मिला था। इसके लिए 92 से 97 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया गया था।
आईपीओ 721 करोड़ रुपये के नए शेयर और प्रवर्तकों द्वारा 51 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का संयोजन था।
मुंबई स्थित यह कंपनी नए शेयर की बिक्री से प्राप्त 541 करोड़ रुपये की राशि का उपयोग कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं के वित्तपोषण और शेष राशि का इस्तेमाल कंपनी के सामान्य कामकाज के लिए करेगी।
विक्रान इंजीनियरिंग तेजी से बढ़ती भारतीय इंजीनियरिंग, खरीद एवं निर्माण (ईपीसी) कंपनियों में से एक है।
भाषा निहारिका निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
