नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) जमीन, मकान के विकास से जुड़ी कंपनी वन प्रस्था रियल्टी ने हरियाणा के सोनीपत में 57 एकड़ की एकीकृत टाउनशिप परियोजना के विकास के लिए कैप्री ग्लोबल से 80 करोड़ रुपये का वित्त पोषण जुटाया है।
वन प्रस्था ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि कंपनी सोनीपत में पहले ही 8.5 एकड़ की एक आवासीय परियोजना विकसित कर चुकी है और अब आवासीय भूखंडों और विला सहित एक बड़ी टाउनशिप विकसित करने के लिए लगभग 57 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया है।
कंपनी के सह-संस्थापक सोमेश मित्तल ने कहा कि बुनियादी ढांचे के विकास और दिल्ली तथा गुरुग्राम से बेहतर संपर्क सुविधा के कारण सोनीपत क्षेत्र में आवासीय भूखंडों की काफी मांग है।
कंपनी के सह-संस्थापक आदित्य गोयल ने कहा, ‘हम इसे ऋण जुटाने के रूप में नहीं, बल्कि रणनीतिक विकास पूंजी हासिल करने के रूप में देखते हैं। यह राशि हमें न केवल अपनी वर्तमान परियोजना को कुशलतापूर्वक और समय पर पूरा करने में सक्षम बनाएगी, बल्कि इससे अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण करके अपनी टाउनशिप के पैमाने और दायरे का विस्तार करने में भी मदद मिलेगी।’
इस राशि का उपयोग परियोजना विकास, बुनियादी ढांचे के विकास और आवासीय भूखंडों तथा सामुदायिक स्थानों के विस्तार के लिए किया जाएगा।
भाषा रमण अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
