scorecardresearch
Sunday, 25 January, 2026
होमदेशअर्थजगतअमेरिकी वित्त मंत्री ने रूसी तेल खरीदने के लिए भारत पर लगे 25 प्रतिशत शुल्क को हटाने के संकेत दिए

अमेरिकी वित्त मंत्री ने रूसी तेल खरीदने के लिए भारत पर लगे 25 प्रतिशत शुल्क को हटाने के संकेत दिए

Text Size:

न्यूयॉर्क, 24 जनवरी (भाषा) अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि रूसी तेल खरीदने के लिए भारत पर लगाए गए 25 प्रतिशत शुल्क को हटाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली द्वारा मॉस्को से की जाने वाली ऐसी खरीदारी बहुत अधिक घट गई है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50 प्रतिशत शुल्क लगाया है, जिसमें रूसी तेल की खरीद के लिए 25 प्रतिशत शुल्क शामिल है। इससे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों में तनाव पैदा हो गया है।

बेसेंट ने शुक्रवार को भारत पर लगाए गए प्रतिबंधों को एक ”सफलता” बताया।

उन्होंने ‘पॉलिटिको’ के साथ एक साक्षात्कार में कहा, ”’हमने रूसी तेल खरीदने के लिए भारत पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाया था। इसके बाद उनकी रिफाइनरियों द्वारा रूसी तेल की खरीद बहुत अधिक घट गई। इसलिए यह एक सफलता है। शुल्क अभी भी लागू हैं।”

उन्होंने आगे कहा, ”मैं कल्पना कर सकता हूं कि इसे (शुल्क) हटाने का एक रास्ता है। तो यह एक एक बड़ी सफलता है।”

बेसेंट ने भारत पर शुल्क न लगाने के लिए यूरोप की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, ”हमारे दिखावटी आदर्श वाले यूरोपीय सहयोगियों ने ऐसा करने से इनकार कर दिया क्योंकि वे भारत के साथ इस बड़े व्यापारिक सौदे पर हस्ताक्षर करना चाहते थे।”

बेसेंट ने भारत पर यूक्रेन आक्रमण के बाद रूस से अधिक तेल आयात करने और रिफाइन करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ”यूक्रेन आक्रमण से पहले, भारतीय रिफाइनरियों में जाने वाले तेल का लगभग 2 या 3 प्रतिशत रूस से आता था। तेल पर प्रतिबंध लगा दिया गया। यह काफी सस्ता हो गया और 17, 18, 19 प्रतिशत तक रिफाइन किया जाने लगा। रिफाइनरों ने भारी मुनाफा कमाया।”

उन्होंने यूरोप पर भारत में रिफाइन किए गए तेल को खरीदकर रूस के युद्ध को वित्तपोषित करने का आरोप लगाया।

उन्होंने आगे कहा, ”लेकिन विडंबना और मूर्खता के इस अतिवादी काम में जरा सोचिए कि भारतीय रिफाइनरियों से रूसी तेल से बने रिफाइंड उत्पादों को कौन खरीद रहा था? यूरोपीय। वे अपने ही खिलाफ युद्ध का वित्तपोषण कर रहे हैं।”

जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने यूरोपीय लोगों को ”मूर्ख” कहा, तो बेसेंट ने कहा, ”मैंने कहा कि यह मूर्खतापूर्ण काम था।”

भारत और ईयू जल्द ही मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए बातचीत पूरी करने की घोषणा करने वाले हैं।

भाषा पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments