लखनऊ, 30 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आर्थिक सलाहकार के. वी. राजू ने मंगलवार को कहा कि राज्य को निवेश आकर्षित करने के लिए एक केंद्रित और समयबद्ध रणनीति अपनाने की जरूरत है।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, राजू ने ‘इन्वेस्ट यूपी’ के अधिकारियों के साथ एक रणनीतिक समीक्षा बैठक में निवेशकों तक पहुंचने की रणनीति को बेहतर बनाने और उत्तर प्रदेश को भविष्य के लिए उद्योगों के एक गंतव्य के रूप में स्थापित करने पर चर्चा की।
बैठक में राजू ने स्पष्ट किया कि निवेशकों से संपर्क करते समय सटीकता और लक्ष्य निर्धारण जरूरी है। विदेशी डेस्क और दूतावासों से संपर्क करते समय भी इसी पर ध्यान होना चाहिए।
उन्होंने कहा, “बड़े (ऐंकर) निवेशकों और क्लस्टर विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए। किसी भी संपर्क से पहले पूरी तैयारी करनी जरूरी है, तभी हमें बेहतर नतीजे मिलेंगे।”
उन्होंने कहा कि राज्य में मजबूत भूमि बैंक, प्रगतिशील नीतियां और बेहतर ढांचागत संरचना इसे निवेश के लिए आदर्श स्थल बनाएंगे।
उन्होंने वैश्विक क्षमता केंद्रों (जीसीसी) की स्थापना पर जोर देते हुए कहा, “इससे युवाओं के लिए उच्च वेतन वाली नौकरियों का सृजन होगा। इसके लिए ‘इन्वेस्ट यूपी’ को रियल एस्टेट डेवलपरों के साथ मिलकर प्रीमियम कार्यस्थल मुहैया कराने की दिशा में काम करना होगा।”
बयान के मुताबिक, बैठक में कहा गया कि उत्तर प्रदेश नवाचार, औद्योगिक विकास और रणनीतिक साझेदारियों को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
इसके मुताबिक, उत्तर प्रदेश ‘मेक इन इंडिया’ जैसे राष्ट्रीय अभियानों के साथ तालमेल बिठाकर एक मजबूत और प्रौद्योगिकी-आधारित अर्थव्यवस्था की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
भाषा आनन्द
रवि कांत प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
