scorecardresearch
Wednesday, 25 February, 2026
होमदेशअर्थजगतसंयुक्त राष्ट्र का जी20 से बहुपक्षीय विकास बैंकों में सुधार के प्रयासों में साहसी होने का आह्वान

संयुक्त राष्ट्र का जी20 से बहुपक्षीय विकास बैंकों में सुधार के प्रयासों में साहसी होने का आह्वान

Text Size:

(योशिता सिंह)

संयुक्त राष्ट्र, 25 फरवरी (भाषा) संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतेरेस ने भारत के पास जी20 अध्यक्षता होने को ‘बेहद अहम’ बताते हुए समूह के वित्त मंत्रियों से बहुपक्षीय विकास बैंकों में सुधार के प्रयासों में साहसी होने और ऋण पुनर्गठन संबंधी चुनौतियों का समाधान तलाशने का आह्वान किया है।

गुतेरेस के प्रवक्ता स्टीफन डुजेरिक ने बेंगलुरु में आयोजित जी20 वित्त मंत्रियों की बैठक के बारे में पूछे गए सवाल पर यह जवाब दिया। पीटीआई-भाषा ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव की इस बैठक से जुड़ी अपेक्षाओं के बारे में सवाल पूछा था।

डुजेरिक ने शुक्रवार को नियमित प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव जी20 के वित्त मंत्रियों की बैठक को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, “हमारा मत है कि भारत की जी-20 अध्यक्षता बहुत महत्वपूर्ण है और हम इसको लेकर बहुत उत्साहित हैं। महासचिव ने जी-20 वित्त मंत्रियों को बहुपक्षीय विकास बैंकों में सुधार के अपने प्रयासों में साहसी होने और मौजूदा ऋण चुनौतियों का समाधान तलाशने का आह्वान किया है।”

भारत की जी-20 अध्यक्षता में पहली जी-20 वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों (एफएमसीबीजी) बैठक 24-25 फरवरी को कर्नाटक के बेंगलुरु में हो रही है। इसकी अध्यक्षता संयुक्त रूप से वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास कर रहे हैं।

भारत ने गत एक दिसंबर को दुनिया के 20 प्रमुख विकसित एवं विकासशील अर्थव्यवस्थाओं के समूह जी20 की अध्यक्षता संभाली थी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को एक वीडियो संदेश में आग्रह किया कि बैठक में चर्चा का केंद्र “विश्व के सबसे कमजोर तबके के लोगों पर होना चाहिए।”

भाषा अनुराग प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments