scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशअर्थजगतअल्ट्राटेक की क्षमता मार्च, 2026 तक 20 करोड़ टन सालाना हो जाएगीः कुमार मंगलम

अल्ट्राटेक की क्षमता मार्च, 2026 तक 20 करोड़ टन सालाना हो जाएगीः कुमार मंगलम

Text Size:

नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) अल्ट्राटेक सीमेंट के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने मंगलवार को कहा कि कंपनी चालू वित्त वर्ष के अंत तक 20 करोड़ टन सालाना क्षमता का स्तर पार कर लेगी, जो उसके निर्धारित लक्ष्य से एक साल पहले है।

बिड़ला ने कंपनी की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में शेयरधारकों को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि इस उत्पादन क्षमता को हासिल करने के साथ ही अल्ट्राटेक चीन के बाहर दुनिया की सबसे बड़ी सीमेंट विक्रेता बन जाएगी।

आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन बिड़ला ने कहा कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 में 4.26 करोड़ टन प्रति वर्ष की क्षमता जोड़ी। इसमें 1.63 करोड़ टन क्षमता मौजूदा इकाइयों के विस्तार और 2.63 करोड़ टन क्षमता दूसरी कंपनियों के अधिग्रहण से आई।

मार्च, 2025 तक कंपनी की कुल उत्पादन क्षमता 18.88 करोड़ टन प्रति वर्ष थी जो अप्रैल-जून, 2025 तक बढ़कर 19.22 करोड़ टन हो गई।

उन्होंने कहा कि निर्माण एवं विनिर्माण गतिविधियों की मजबूती से भारत की अर्थव्यवस्था तेज गति से आगे बढ़ रही है और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं एवं आवास योजनाओं पर सरकार का जोर सीमेंट की मांग को बढ़ावा देगा।

भाषा प्रेम अजय प्रेम

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments