scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशअर्थजगतअल्ट्राटेक ने डल्ला सुपर यूनिट, खानों को लेकर जयप्रकाश एसोसिएट्स के साथ मध्यस्थता विवाद सुलझाया

अल्ट्राटेक ने डल्ला सुपर यूनिट, खानों को लेकर जयप्रकाश एसोसिएट्स के साथ मध्यस्थता विवाद सुलझाया

Text Size:

नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) प्रमुख सीमेंट विनिर्माता कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट ने डल्ला सुपर यूनिट और संबंधित खानों को लेकर जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड (जेएएल) के साथ मध्यस्थता विवाद का निपटारा कर लिया है। अल्ट्राटेक सीमेंट ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अल्ट्राटेक सीमेंट ने शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा कि उत्तर प्रदेश में स्थित डल्ला सुपर यूनिट और खानों के लिए एस्क्रो खाते में रखे गए 1,00,000 विमोच्य तरजीही शेयर (सीरीज ए आरपीएस) जिनमें प्रत्येक का अंकित मूल्य 1,00,000 रुपये था और कुल मिलाकर 1,000 करोड़ रुपये बनते थे, अब जारी कर दिए गए हैं। डल्ला सुपर यूनिट और खानें उत्तर प्रदेश में हैं।

इस समझौते से कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (सीआईआरपी) में जेएएल की संपत्तियों के मौद्रीकरण में मदद मिलेगी। इसमें प्रतिद्वंद्वी अदाणी समूह सफल समाधान आवेदक रहा है। अदाणी समूह ने जेएएल को खरीदने के लिए 14,535 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया था। हालांकि, वेदांता समूह ने इसे चुनौती दी है।

अल्ट्राटेक और अदाणी दोनों ही सीमेंट क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा कर रही हैं और अदाणी समूह अपनी मौजूदा फैक्ट्रियों में अधिग्रहण और विस्तार के जरिये उत्पादन बढ़ा रहा है।

इस समझौते के बाद अल्ट्राटेक और कर्ज में डूबी जेएएल के बीच लंबे समय से जारी विवाद का अंत हो गया है।

अल्ट्राटेक ने कहा कि 26 मार्च, 2026 को मध्यस्थता के समझौते और अंतिम निर्णय के बाद डल्ला सुपर यूनिट और खानों में सभी अधिकार पूरी तरह से कंपनी को मिल गए हैं और इससे जुड़े सभी दावे, आय और जिम्मेदारियां समाप्त हो गई हैं।

भाषा

अजय योगेश

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments