scorecardresearch
Friday, 13 March, 2026
होमदेशअर्थजगतमध्य प्रदेश विद्युत उत्पादन कंपनी की दो इकाइयों ने बनाया बिजली उत्पादन का रिकॉर्ड

मध्य प्रदेश विद्युत उत्पादन कंपनी की दो इकाइयों ने बनाया बिजली उत्पादन का रिकॉर्ड

Text Size:

जबलपुर, 13 फरवरी (भाषा) मध्य प्रदेश विद्युत उत्पादन कंपनी लिमिटेड (एमपीपीजीसीएल) की कोयला आधारित दो इकाइयों ने लगातार 500 दिन और 100 दिन निर्बाध विद्युत उत्पादन कर नया रिकॉर्ड कायम किया है। कंपनी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

कंपनी के प्रवक्ता पंकज स्वामी ने बताया कि अनूपपुर जिले के चचाई स्थित अमरकंटक ताप विद्युत गृह (एटीपीएस) की 210 मेगावाट क्षमता वाली इकाई ने 500 दिन का सतत संचालन पूरा किया, जबकि बैतूल जिले के सारनी स्थित सतपुड़ा ताप विद्युत गृह (एसटीपीएस) की 250 मेगावाट क्षमता वाली इकाई ने 100 दिन का लगातार विद्युत उत्पादन पूरा किया।

उन्होंने बताया कि एटीपीएस की इकाई देश की सार्वजनिक क्षेत्र की तीसरी तथा राज्य की पहली इकाई है, जिसने 500 दिन निर्बाध विद्युत उत्पादन का कीर्तिमान स्थापित किया है। यह इकाई एक अक्टूबर 2024 से लगातार संचालन में है।

स्वामी के अनुसार, एनटीपीसी की दो इकाइयों ने इससे पहले क्रमशः 644 दिन और 559 दिन तक निरंतर संचालन का रिकॉर्ड बनाया था।

मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई तथा एमपीपीजीसीएल के प्रबंध संचालक मंजीत सिंह ने इस उपलब्धि पर संयंत्र प्रबंधन और कर्मचारियों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय तक निर्बाध विद्युत उत्पादन बनाए रखना एटीपीएस के पेशेवर दृष्टिकोण, प्रतिबद्धता और तकनीकी दक्षता को दर्शाता है तथा राज्य में विश्वसनीय और किफायती बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में कंपनी के योगदान को रेखांकित करता है।

भाषा सं दिमो जोहेब योगेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments