नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) परिसंपत्ति प्रबंधन फर्म टीपीजी ने मंगलवार को खुले बाजार में लेनदेन के जरिये 1,230 करोड़ रुपये में टाटा टेक्नोलॉजीज में तीन प्रतिशत हिस्सेदारी बेच दी।
बीएसई पर थोक सौदों के बारे में उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, टीपीजी ने अपनी निवेश इकाई टीपीजी राइज क्लाइमेट एसएफ पीटीई लिमिटेड के जरिये टाटा टेक में 1,014.16 करोड़ रुपये के औसत भाव पर 1.2 करोड़ से अधिक शेयर यानी 2.99 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच दी।
इस बिक्री के साथ टाटा टेक में टीपीजी राइज क्लाइमेट एसएफ की हिस्सेदारी जून, 2024 तक के नौ प्रतिशत से घटकर लगभग छह प्रतिशत रह गई है।
कॉप्थॉल मॉरीशस इन्वेस्टमेंट लिमिटेड ने टाटा टेक में 0.99 प्रतिशत हिस्सेदारी यानी 40 लाख शेयर खरीदे, जिससे लेनदेन का मूल्य 406 करोड़ रुपये हो गया।
हेज फंड गिसालो मास्टर फंड एलपी ने टाटा टेक्नोलॉजीज में 316 करोड़ रुपये से अधिक में 0.77 प्रतिशत हिस्सेदारी या 31,22,686 शेयर खरीदे।
इन इकाइयों ने बीएसई पर औसतन 1,013 रुपये की कीमत पर टाटा टेक के शेयर खरीदे।
टाटा टेक शेयरों के अन्य खरीदारों का विवरण नहीं मिल पाया है।
बीएसई पर टाटा टेक्नोलॉजीज के शेयर 4.81 प्रतिशत बढ़कर 1,099.05 रुपये पर बंद हुए।
भाषा अजय अजय प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
