नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) टोरेंट फार्मास्युटिकल्स का चालू वित्त वर्ष (2025-26) की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 20 प्रतिशत बढ़कर 548 करोड़ रुपये हो गया। भारत और अमेरिका सहित विभिन्न बाजारों में मजबूत बिक्री से कंपनी का मुनाफा बढ़ा।
कंपनी का गत वित्त वर्ष 2024-25 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में शुद्ध मुनाफा 457 करोड़ रुपये रहा था।
टोरेंट फार्मास्युटिकल्स ने सोमवार को बयान में कहा कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी परिचालन आय बढ़कर 3,178 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले वर्ष इसी तिमाही में यह 2,859 करोड़ रुपये थी।
फार्मा कंपनी ने कहा कि अप्रैल-जून की अवधि में भारत में उसका राजस्व सालाना आधार पर 11 प्रतिशत बढ़कर 1,811 करोड़ रुपये हो गया, जिसका प्रमुख कारण ‘फोकस थेरेपी’ में बेहतर प्रदर्शन रहा।
अप्रैल-जून तिमाही में अमेरिकी कारोबार से राजस्व 308 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की तुलना में 19 प्रतिशत अधिक है। ब्राजील में राजस्व 11 प्रतिशत बढ़कर 218 करोड़ रुपये हो गया। वहीं जर्मनी में इसकी बिक्री सालाना आधार पर नौ प्रतिशत बढ़कर 308 करोड़ रुपये हो गई।
भाषा निहारिका अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
