scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशअर्थजगतत्योहारी मौसम में साइबर धोखाधड़ी का अधिक खतरा, सतर्कता बरतने की सलाह

त्योहारी मौसम में साइबर धोखाधड़ी का अधिक खतरा, सतर्कता बरतने की सलाह

Text Size:

नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) साइबर सुरक्षा समाधान प्रदाता क्विक हील टेक्नोलॉजीज ने त्योहारों के मौसम में साइबर धोखाधड़ी में तीव्र बढ़ोतरी की आशंका जताने के साथ ही उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की सलाह दी है।

कंपनी ने कहा कि त्योहारी मौसम में धोखेबाज फर्जी बुकिंग इंटरफेस, झूठे यात्रा पैकेज और अविश्वसनीय ई-कॉमर्स पेशकश के जरिये लोगों को अपने जाल में फंसा सकते हैं।

क्विक हील ने एक बयान में कहा कि त्योहारों के दौरान ऑनलाइन खरीद एवं बुकिंग की गतिविधियां बढ़ने का फायदा उठाते हुए साइबर ठग नकली टिकटिंग वेबसाइट, नुकसानदेह लिंक या फर्जी यूपीआई भुगतान अनुरोध के जरिये बैंकिंग जानकारियां और खातों से धन चुरा सकते हैं।

त्योहारी भीड़-भाड़ में पंडाल, डांडिया नाइट और अन्य आयोजनों के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग बढ़ जाती है, जिसका फायदा उठाते हुए अपराधी नकली पोर्टल बना रहे हैं। साथ ही, बेहद आकर्षक ऑफर वाले ई-कॉमर्स लिंक भी नकली वेबसाइट तक ले जाते हैं, जिनमें छिपे मालवेयर स्पैम से बैंकिंग जानकारियां चोरी हो सकती हैं।

क्विक हील ने कहा कि तत्काल ऋण देने वाले फर्जी ऐप भी तेजी से सक्रिय हो रहे हैं, जो इंस्टॉल होते ही जरूरत से ज्यादा अनुमति मांगते हैं और फिर उपयोगकर्ताओं के संपर्कों तक संदेश भेजकर धोखाधड़ी फैलाते हैं।

इसके साथ ही क्विक हील ने सार्वजनिक वाई-फाई का इस्तेमाल करने को लेकर आगाह करते हुए कहा है कि इस माध्यम से किए गए लेनदेन भी साइबर हमलों की चपेट में आ सकते हैं।

कंपनी ने कहा कि ऑनलाइन भुगतान को उतनी ही सावधानी से करें जितनी नकद लेनदेन में बरती जाती है।

क्विक हील टेक्नोलॉजीज की उत्पाद रणनीति प्रमुख स्नेहा काटकर ने कहा कि उपयोगकर्ताओं को त्योहारी मौसम में नियमित रूप से सिस्टम पैच एवं एंटीवायरस अपडेट करने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी जाती है।

भाषा प्रेम अजय प्रेम

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments