scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशअर्थजगतआठ बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर फरवरी में छह प्रतिशत पर, तीन महीने में सबसे कम

आठ बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर फरवरी में छह प्रतिशत पर, तीन महीने में सबसे कम

Text Size:

नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) देश के आठ बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर इस साल फरवरी में छह प्रतिशत रही। यह पिछले साल इसी माह में 5.9 प्रतिशत वृद्धि के लगभग बराबर है। शुक्रवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गयी।

फरवरी में बुनियादी उद्योगों में वृद्धि पिछले तीन महीने में सबसे कम है।

आठ बुनियादी उद्योगों के उत्पादन में इस साल जनवरी में 8.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। वहीं दिसंबर 2022 में सात प्रतिशत और नवंबर 2022 में 5.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।

कच्चे तेल को छोड़कर बाकी सभी में उत्पादन बढ़ा है। कच्चे तेल का उत्पादन फरवरी में 4.9 प्रतिशत घटा है।

आठ बुनियादी उद्योगों… कोयला, कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्पाद, उर्वरक, इस्पात, सीमेंट और बिजली… की वृद्धि दर वित्त वर्ष 2022-23 के अप्रैल-फरवरी के दौरान 7.8 प्रतिशत रही, जो पिछले वित्त वर्ष 2021-22 की इसी अवधि में 11.1 प्रतिशत थी।

इन बुनियादी उद्योगों का औद्योगिक उत्पादन सूचकांक में 40.27 प्रतिशत भारांश है।

आंकड़ों के अनुसार फरवरी 2023 में उर्वरक, कोयला, बिजली, सीमेंट, इस्पात, रिफाइनरी उत्पादों और प्राकृतिक गैस का उत्पादन पिछले साल के इसी महीने की तुलना में बढ़ा है।

फरवरी में कोयले का उत्पादन 8.5 प्रतिशत और उर्वरक उत्पादन 22.2 प्रतिशत बढ़ा।

हालांकि, आलोच्य महीने में प्राकृतिक गैस और रिफाइनरी उत्पादों के उत्पादन में वृद्धि दर धीमी रही है।

भाषा रमण पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments