scorecardresearch
Tuesday, 21 April, 2026
होमदेशअर्थजगतदेश के पहले पंजीकृत एसएम रीट 'प्रॉपशेयर सेलेस्टिया' का आईपीओ 10 अप्रैल को खुलेगा

देश के पहले पंजीकृत एसएम रीट ‘प्रॉपशेयर सेलेस्टिया’ का आईपीओ 10 अप्रैल को खुलेगा

Text Size:

नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) देश के पहले पंजीकृत लघु और मझोले रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (एसएम रीट), प्रॉपर्टी शेयर इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट ने सोमवार को घोषणा की कि ‘प्रॉपशेयर सेलेस्टिया’ का 244.65 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 10 अप्रैल को खुलेगा।

एसएम रीट एक ऐसा निवेश माध्यम है जो छोटे और मध्यम स्तर के निवेशकों को बड़े व्यावसायिक भवनों या संपत्तियों में हिस्सेदारी खरीदने और उससे किराया कमाने का मौका देता है।

एक बयान के अनुसार, यह आईपीओ 16 अप्रैल को बंद होगा। इसके लिए प्रति यूनिट 10 लाख से 10.50 लाख रुपये का मूल्य दायरा तय किया गया है। प्रॉपशेयर सेलेस्टिया, प्रॉपर्टी शेयर इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट द्वारा पेश किया गया तीसरा ऐसा निवेश विकल्प है।

इस सार्वजनिक निर्गम के तहत केवल नयी यूनिट जारी की जाएंगी और इसमें मौजूदा हिस्सेदारी बेचने का कोई प्रावधान नहीं है।

आईपीओ से मिलने वाली राशि का उपयोग अहमदाबाद के नेहरू नगर में स्थित एक शानदार व्यावसायिक इमारत ‘वीनस स्ट्रैटम’ की सात मंजिलों को खरीदने के लिए किया जाएगा।

नियमों के तहत, इसमें कम से कम 10 लाख रुपये का निवेश करना अनिवार्य है, जो एसएम रीट के लिए न्यूनतम निवेश राशि भी है। निवेशक कम से कम एक यूनिट और उसके बाद एक के गुणांक में बोली लगा सकते हैं।

जिस संपत्ति (सेलेस्टिया परियोजना) में निवेश किया जा रहा है, उसका कुल क्षेत्रफल 2,07,838 वर्ग फुट है और यह पूरी तरह से किराएदारों से भरी हुई है। इस आईपीओ के प्रबंधन की जिम्मेदारी ‘एम्बिट’ को सौंपी गई है, जबकि ‘केफिन टेक्नोलॉजीज’ इसकी पंजीयक है। इन इकाइयों को बीएसई पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।

भाषा सुमित अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments